मास्को, 14 अप्रैल (स्पूतनिक) रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने ईरान से क्षेत्र में नये सशस्त्र टकराव को रोकने का आह्वान किया है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि रूस, पश्चिम एशिया के संकट को सुलझाने में सहायता करने के लिये सदा तैयार है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संकट का समाधान युद्ध नहीं है।
रूस के विदेश मंत्रालय ने कहा कि श्री लावरोव ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ फोन पर हुई बातचीत में पश्चिम एशिया में फिर से सशस्त्र टकराव को रोकने पर जोर दिया। मंत्रालय ने कहा, “ तेरह अप्रैल को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई विक्टोरोविच लावरोव ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ फोन पर बातचीत की और क्षेत्र में सैन्य टकराव को फिर न होने पर जोर दिया।”
श्री लावरोव ने श्री अराघची से कहा कि रूस कूटनीतिक प्रयासों को जारी रखने और ऐसे समाधान खोजने की निरंतर प्रतिबद्धता का स्वागत करता है, जो संघर्ष के मूल कारणों को दूर करें। उन्होंने कहा कि ईरान और उसके पड़ोसियों के वैध हितों को ध्यान में रखते हुए पश्चिम एशिया में दीर्घकालिक स्थिरता प्राप्त की जानी चाहिये। रूस के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “ रूसी पक्ष ने कूटनीतिक प्रयासों को जारी रखने और संघर्ष के बुनियादी कारणों को हल करने वाले समाधानों की खोज के प्रति जारी प्रतिबद्धता का स्वागत किया, जिससे क्षेत्र में स्थायी स्थिरता आ सके।”

