पश्चिम एशिया संकट के चलते एशिया की आर्थिक वृद्धि 5.1 प्रतिशत तक सीमित रह सकती है: एडीबी

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल ( वार्ता) पश्चिम एशिया में युद्बध और बढ़ते तनाव के बीच, एशियाई विकास बैंक ( एडीबी ने एक रिपोर्ट में समग्र एशिया के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने और इसके इस वर्ष 5.1 प्रतिशत तक सीमित रहने का अनुमान लगाया है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि आने वाले महीनों में भले ही तेल की कीमतें स्थिर हो जाएं, एशिया की वृद्धि दर पर पश्चिम एशिया की स्थिति का प्रतिकूल प्रभाव कुछ समय तक बना रहेगा। ‘एशियन डेवलपमेंट आउटलुक’ रिपोर्ट में एडीबी ने अनुमान लगाया है कि इस साल एशिया के जीडीपी में विस्तार 5.1 प्रतिशत तक सीमित हो जाएगा। 2025 में वार्षिक वृद्धि 5.4 प्रतिशत थी।

इस रिपोर्ट के अनुमान ईरान संघर्ष शुरू होने के एक सप्ताह से अधिक समय बाद तैयार किए गए थे, और ये उस मान्यता पर आधारित हैं जिसमें तेल की कीमतें धीरे-धीरे सामान्य हो जाएंगी और साल के अंत तक तेल के भाव युद्ध के पूर्व के स्तरों की और लौट रहे होंगे। स्थिति अभी भी अस्थिर बनी हुई है और संघर्ष में होने वाले दैनिक घटनाक्रमों के जवाब में तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव आ रहा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की आर्थिक वृद्धि 2026 में पिछले साल के 7.6 प्रतिशत से घटकर 6.9 प्रतिशत होने की उम्मीद है, जबकि चीन की वृद्धि दर इस साल 2025 के 5 प्रतिशत से घटकर 4.6 प्रतिशत हो जाएगी। एशिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में निजी उपभोग के सुस्त रहने की संभावना है।

इस क्षेत्र में मुद्रास्फीति (महंगाई) भी इस साल बढ़कर 3.6 प्रतिशत होने का अनुमान है, जो 2025 में 3 प्रतिशत थी; इसका मुख्य कारण ऊर्जा की बढ़ती कीमतें हैं। अमेरिका के कच्चे तेल की कीमत 8 प्रतिशत बढ़कर 104.24 डॉलर प्रति बैरल हो गई, जबकि ब्रेंट क्रूड तेल की कीमत 7 प्रतिशत बढ़कर 102.29 डॉलर प्रति बैरल हो गई।

इस बीच अमेरिका ने घोषणा की है कि वह सोमवार से ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी शुरू कर देगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ 21 घंटे तक चली बातचीत के विफल रहने पर अब उनकी नौसेना खाड़ी क्षेत्र में तुरंत नाकेबंदी शुरू कर देगी, जिससे जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य में प्रवेश करने या बाहर निकलने से रोका जाएगा।

हाल ही में, विश्व बैंक ने भी कहा कि वैश्विक ऊर्जा बाजारों में व्यवधानों से उत्पन्न चुनौतियों के बीच, 2026 में दक्षिण एशिया की आर्थिक वृद्धि धीमी होने के आसार हैं। व्यापार सुधार बाधाओं को कम करके, विशेष रूप से उभरते निर्यात क्षेत्रों के लिए, और अधिक वृद्धि के अवसर खोल सकते हैं।

विश्व बैंक ने कहा कि दक्षिण एशिया की वृद्धि ने एक बार फिर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है, लेकिन वैश्विक ऊर्जा बाजार में उथल-पुथल से उत्पन्न चुनौतियों के कारण 2026 में इसके 6.3 प्रतिशत तक सीमित रहने की संभावना है।

 

 

 

Next Post

स्टार्टअप इकाइयों की मदद के लिए 10,000 करोड़ रुपये के उद्यम पूंजी कोष की अधिसूचना जारी

Mon Apr 13 , 2026
नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (वार्ता) केन्द्र सरकार ने स्टार्टअप इकाइयों के लिए पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त करने में उद्यम पूंजी के जरिए मदद के लिए 10,000 करोड़ रुपये के कोष के साथ ‘स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स 2.0’ की अधिसूचना जारी कर दी है। इसका परिचालन सिडबी के माध्यम से […]

You May Like

मनोरंजन