
खंडवा। जिले में मूंदी-सनावद हाईवे पर डूडगांव के समीप सडक़ दुर्घटना हुई, शादी में ममेरा लेकर जा रही मेहमानों से भरी आयशर पलटने से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। जानकारी के मुताबिक तलवडय़िा गांव का एक परिवार आयशर ट्रक में सवार होकर मामेरा की रस्म निभाने ठुकरा देवला जा रहा था, तभी तेज रफ्तार और लापरवाही ने कई लोगों की जान जोखिम में डाल दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सडक़ पर दो ट्रक आपस में रेस लगा रहे थे, इसी दौरान यात्रियों से भरा आयशर वाहन दूसरे वाहन से टकराकर अपना संतुलन खो बैठा और सडक़ से करीब 30 फीट दूर जाकर पलट गया। इस भयानक टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग वाहन के नीचे ही दबे रह गए। आसपास के ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। हादसे में तलवडय़िा निवासी 60 वर्षीय बाबूलाल को उपचार के दौरान मृत घोषित किया। हादसे में कुल 36 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 14 की स्थिति अत्यंत नाजुक होने के कारण उन्हें सनावद जिला अस्पताल से इंदौर के एमवाई अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं, जिनमें से कई के सिर में गंभीर चोटें और हड्डियों में फ्रैक्चर आए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में इस दुर्घटना का मुख्य कारण ओवरलोडिंग, असुरक्षित ओवरटेकिंग और चालकों के बीच लगी रेस को माना जा रहा है। ट्रक में लगभग 40 लोग सवार थे, जो क्षमता से कहीं अधिक थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की लापरवाही और वाहन की तकनीकी स्थिति की जांच शुरू कर दी है, जबकि हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
