जबलपुर:माढ़ोताल थाना अंतर्गत मदर टेरेसा नगर निवासी एक प्राइवेट स्कूल शिक्षिका के सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने 10 तोला चांदी, आधा तोला गोल्ड समेत नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मदर टेरेसा नगर निवासी रत्ना विश्वकर्मा एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। बुधवार शाम करीब 7:45 बजे वे अपने घर का ताला लगाकर डॉक्टर के पास गई थीं।
जब वे रात करीब 10 बजे वापस लौटीं, तो उनके होश उड़ गए। घर के मुख्य गेट और अंदर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। पीडि़ता ने जब अलमारी की जांच की, तो उसमें रखे रखी 10 तोला चांदी की पायल, आधा तोला सोने के कान के बाले, एक सोने की नत्थ, 10,000 रुपये नकद गायब थे। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
