
नई दिल्ली, 05 नवम्बर 2025: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में दिशा की बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दो वरिष्ठ नेता आपस में भिड़ गए। अकबरपुर लोकसभा सीट से भाजपा सांसद देवेंद्र सिंह भोले और पूर्व सांसद व राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला के पति अनिल शुक्ल वारसी के बीच तीखी नोकझोंक और हाथापाई जैसी स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद जिलाधिकारी कपिल सिंह और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा पांडे ने बीच-बचाव करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद बैठक को बीच में ही स्थगित करना पड़ा।
पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी ने सांसद देवेंद्र सिंह भोले पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सांसद ने दिशा समिति में ऐसे लोगों को शामिल किया है जो आम लोगों को निशाना बनाते हैं, अपमान करते हैं और झूठे मुकदमे दर्ज कराते हैं, साथ ही फैक्ट्री मालिकों से वसूली भी करते हैं। आरोपों के जवाब में, सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अगर गुंडों की बात की जाएगी, तो मुझसे बड़ा गुंडा कोई नहीं है। मैं कानपुर देहात का सबसे बड़ा हिस्ट्रीशीटर हूं।”
सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने पूर्व सांसद पर हर बार चुनाव से पहले विवाद खड़ा करने और अफसरों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। जुबानी जंग के दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई। इस घटना पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने तंज कसा। सपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार बबलू राजा ने कहा कि “दो इंजन आपस में भिड़ रहे हैं। जो लोग दूसरों को गुंडों की सरकार कहते थे, वे खुद लड़ रहे हैं। ऐसे में ये विकास क्या कराएंगे?”
