
भोपाल। चूनाभट्टी थाना इलाके में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. पुलिस ने घर के बाथरूम में जली हालत में बुजुर्ग का शव बरामद किया. पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ाएगी. मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार बुजुर्ग निर्मला पटेल (75) सी सेक्टर में रहती थीं. निर्मला के परिवार में बहू-बेटा और नातिन हैं. उनका सडक़ हादसे में घायल होने के बाद बेटा विकलांग हो चुका है, जबकि बहू बतौर एक टीचर के तौर पर कार्यरत है. बुधवार को घर में निर्मला और उनकी नातिन ही थी. बुजुर्ग की बहू दोपहर बाद जब घर लौटी और बेटी से दादी के बारे में पूछा. घर में तलाश करते हुए निर्मला को पहली मंजिल पर बने बाथरूम में मृत देखकर बहू ने पुलिस को सूचना दी. निर्मला का शरीर झुलसा देखकर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाया. पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला है कि निर्मला कैंसर की बीमारी से पीडि़त थीं और इन दिनों वह मानसिक रूप से कमजोर भी हो गई थीं. पुलिस को अंदेशा है कि बुजुर्ग ने खुद को आग लगाई होगी. घर में किसी बड़े व्यक्ति के मौके पर नहीं होने पर बाथरूम में ही उनकी जान चली गई. मर्ग कायम कर पुलिस घटना की जांच कर रही है.
