शुजालपुर। शुजालपुर सिटी पुलिस ने बाइक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 हजार रुपए कीमत की बाइक बरामद की है.
पुलिस के अनुसार फरियादी मोतीलाल उर्फ राकेश पिता बाबूलाल रजक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 फरवरी की रात सोभाग्य पैलेस के सामने पचोर रोड से उसकी बाइक बदमाश चोरी कर ले गए. प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय तथा एसडीओपी निमेष देशमुख के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई, टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फु टेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर बनवारी उर्फ बल्लू पिता बद्रीलाल सेन 32 वर्ष निवासी ग्राम जरखी थाना सुन्दरसी तथा कुलदीप उर्फ अन्नू पिता नारायण मालवीय 20 वर्ष निवासी ग्राम मकौड़ी थाना सुन्दरसी को गिरफ्तार किया. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई बाइक बरामद की गई. बताया जाता है कि पकडे गए आरोपी आदतन बदमाश और पूर्व में भी चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं. पुलिस आरोपियों से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है. कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पाठक, सहायक उपनिरीक्षक रामकेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक महेश धपानी, आरक्षक योगेन्द्र सिंह, आरक्षक रामबाबू सिसोदिया, आरक्षक राहुल सांधिया एवं आरक्षक रामबाबू तंवर की सराहनीय भूमिका रही.
