सीहोर। जिले के ग्राम ढाबला में भू-माफियाओं के दुस्साहस और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक किसान प्रेमसिंह मेवाड़ा का अपहरण कर, डरा-धमकाकर उनकी बेशकीमती जमीन हथियाने का प्रयास किया गया. इस घटना ने पूरे क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में दहशत पैदा कर दी है. गुरुवार को अनेक ग्रामीणों द्वारा कलेक्ट्रेट पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 12 मई की सुबह ढाबला जोड़ के पास अज्ञात आरोपियों ने प्रेमसिंह का अपहरण कर जबरन दस्तावेजों पर दस्तखत करवाए व आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग करते हुए उनके आधार कार्ड के माध्यम से बायोमेट्रिक डेटा (फिंगरप्रिंट और आंखों का आइरिस स्कैन) भी ले लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीडि़त का मोबाइल छीनकर उन्हें भोपाल में लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए.
घटना की शिकायत थाना बिलकिसगंज में दर्ज कराई गई है, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीडि़त परिवार की सुरक्षा की मांग की है. साथ ही किसान की मदद कर रहे समाजसेवी सुरेन्द्र सिंह मेवाड़ा को भी दलालों द्वारा झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.
