इंदौर: जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में यूनियन बैंक के खाताधारक के मोबाइल पर फर्जी मैसेज भेजकर बैंक खाते से लाखों रुपये उड़ाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि 37 वर्षीय फरियादी मोहनिश पिता हरिश थीरवानी निवासी फ्लैट नंबर 203, इन्द्राश्री अपार्टमेंट, त्रिवेणी कॉलोनी एक्सटेंशन को रात करीब 9.30 बजे पर मैसेज मिला कि उसके यूनियन बैंक ऑफ इंडिया खाते में 86,500 रुपये क्रेडिट हुए हैं.
मैसेज मिलने के बाद फरियादी ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सियागंज शाखा के मोबाइल ऐप पर खाते का बैलेंस चेक करने के लिए लॉग-इन किया. लॉग-इन करते ही खाते से पहले 86,500 रुपये यूपीआई के माध्यम से डेबिट हो गए. इसके बाद अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए 4 लाख 33 हजार 368 रुपये अज्ञात खाते में ट्रांसफर हो गए. ठगी का पता चलने पर फरियादी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. मामले में जूनी इंदौर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.
