चित्रकूट के समग्र विकास कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करें : विजय 

सतना/चित्रकूट विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष विजय यादव ने शुक्रवार शाम चित्रकूट नगर परिषद सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित समग्र विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक में तहसीलदार कमलेश भदौरिया, सीएमओ अंकित सोनी, रेंजर अभिषेक मिश्रा, चित्रकूट विकास प्राधिकरण से दीपेंद्र सिंह राजपूत, उत्कर्ष सिंह, प्रवीण जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान अध्यक्ष विजय यादव ने कामदगिरि परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल एवं टॉयलेट सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश पर्यटन विभाग को दिए। साथ ही परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। वन विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे “राम संस्कृति वन” के संबंध में अध्यक्ष श्री यादव ने वहां वनवासी राम की भव्य प्रतिमा स्थापित किए जाने का सुझाव दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश शुल्क न्यूनतम रखने की बात भी कही। जल संसाधन विभाग (WRD) को विभिन्न घाटों से मिट्टी हटाने, मोहकमगढ़ घाट तक पक्का मार्ग निर्माण कराने तथा सभी प्रमुख घाटों पर टॉयलेट ब्लॉक विकसित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सीवर प्रोजेक्ट की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष श्री यादव ने परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि मंदाकिनी नदी में गंदे पानी के प्रवाह को रोकना प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक के अंत में अध्यक्ष श्री विजय यादव ने नगर परिषद एवं सीएमओ को नागरिकों में जनजागरूकता बढ़ाकर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने का सुझाव दिया, जिससे चित्रकूट को स्वच्छ एवं हरित स्वरूप प्रदान किया जा सके।

Next Post

सूने मकान का ताला तोड़ कर लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुए नकाबपोश चोर 

Sun May 17 , 2026
सतना : शहर में चोरो के हौसले बुलंद, पुलिस की गश्त को चुनौती देते हुए नकाबपोश चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया , कोलगवां थाना अंतर्गत शुक्ला बरदाडीह क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने के जेवरात और नगदी पार कर दिया। […]

You May Like