
सतना : शहर में चोरो के हौसले बुलंद, पुलिस की गश्त को चुनौती देते हुए नकाबपोश चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया , कोलगवां थाना अंतर्गत शुक्ला बरदाडीह क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने के जेवरात और नगदी पार कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई , जिसमें दो नकाबपोश चोर घर के अंदर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।
पीड़ित चन्द्रमोल पाण्डेय निवासी ग्राम गोरसरी खुटहा, हाल निवास शुक्ला बरदाडीह ने पुलिस को बताया कि वह 8 मई की रात करीब 10 बजे अपने घर में ताला बंद कर पत्नी के साथ सिविल लाइन स्थित अपने पिता के घर गए थे। अगले दिन 9 मई को सुबह इंटरसिटी ट्रेन से जबलपुर के लिए रवाना हो गए। सुबह करीब 9 बजे उनके पड़ोसी विजयकांत तिवारी ने फोन पर सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। जब पीड़ित ने वापस आकर देखा तो बाहर के गेट का ताला टूटा था और घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।
घर की तलाशी लेने पर पीड़ित को पता चला कि दीवान के अंदर रखे 4 लाख रुपये नगद और सोने की दो चेन गायब हैं।
घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि 9 मई की रात करीब 3 बजे दो अज्ञात बदमाश कपड़े से चेहरा ढककर घर में घुसे . चोरों ने बड़ी ही चालाकी से ताला तोड़ा और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
पीड़ित ने तत्काल कोलगवां थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
