इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र में 23 वर्षीय रिया, जो हैंड आर्ट और डांस क्लास संचालित करती थी, ने फांसी लगाकर अपनी जिंदगी समाप्त कर दी. परिजनों का आरोप है कि प्रेमी और उसके परिवार द्वारा शादी के वादे से मुकरने और मानसिक प्रताड़ना करने के कारण रिया ने यह आत्मघाती कदम उठाया.थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि मृतका रिया, पिता संजू की इकलौती बेटी, कालिंदी नगर में रहती थी और अपने व्यवसाय के जरिए परिवार का सहयोग करती थी.
मंगलवार को उसका शव घर में फंदे से लटका हुआ मिला. रिया के पिता संजू ने बताया कि रिया का हीरा नगर निवासी विजय कौशल के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था. विजय ने रिया से शादी का वादा किया था और दोनों परिवारों को इसकी जानकारी थी. लेकिन पिछले कुछ समय से विजय और उसके पिता इस वादे से मुकर गए और रिया को मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे. पिता का आरोप है कि इसी तनाव और निराशा के कारण रिया ने आत्महत्या कर ली. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले में जांच शुरू कर दी है.
