
इंदौर:एमआईजी थाना क्षेत्र में एक ई रिक्शा चालक ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर अपनी जिंदगी समाप्त कर दी. मृतक दोनों पैरों से दिव्यांग थे और कड़ी मेहनत कर अपने परिवार की जिम्मेदारी निभा रहे थे. शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह को आत्महत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है.थाना प्रभारी सीबी सिंह ने बताया कि 34 वर्षीय मृतक रवि, पिता दिनेश जगजीवन राम नगर में रहते थे. घटना के समय वह घर पर अकेले थे और उनकी पत्नी काम पर गई हुई थी. परिवार के अन्य सदस्यों ने उन्हें फंदे पर लटका पाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतक के छोटे भाई रितेश ने बताया कि रवि शारीरिक रूप से अक्षम होने के बावजूद स्वाभिमानी और मेहनती थे. वह ई रिक्शा चलाकर अपनी तीन बेटियों और पत्नी का पालन पोषण कर रहे थे. रितेश ने कहा कि रवि और उनकी पत्नी के बीच अक्सर छोटी छोटी बातों को लेकर झगड़े होते रहते थे, संभवतः इसी पारिवारिक तनाव और मानसिक दबाव के कारण रवि ने यह आत्मघाती कदम उठाया. मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों और पत्नी के विस्तृत बयान ले रही है, ताकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.
