
भोपाल। ब्लैक कमांडो ट्रेनिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात विशेष सशस्त्र बल के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. लाल परेड मैदान में चल रही ड्यूटी के दौरान जवान विश्राम करने के लिए कंट्रोल रूम स्थित बैरक में गए थे. अचानक तबीयत बिगड़ने पर वह बेसुध पाए गए. मौके पर मौजूद साथियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान 35 वर्षीय रावेंद्र सिंह भदौरिया के रूप में की गई है. रावेंद्र मूलत: उदयपुरा रायसेन निवासी थे और वर्तमान में 25वीं बटालियन (एसटीएफ) में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे. नेहरू नगर पुलिस लाइन स्थित अपने निवास से रावेंद्र सिंह सोमवार को लाल परेड मैदान में चल रही ब्लैक कमांडो ट्रेनिंग की ड्यूटी के लिए आये थे. इस दौरान उन्हें तेज घबराहट महसूस हुई. तबीयत बिगड़ने के चलते वह तुरंत पुराने कंट्रोल रूम पहुंचे और साथियों को हो रही परेशानी बताई. मुंह-हाथ धोने के बाद रावेंद्र आराम करने के लिए बैरक के भीतर चले गए. उनकी बटालियन का एक साथी जब कुछ देर बाद वापस आकर उन्हें बेशुधी की हालत में देखा तो इसकी सूचना साथियों को दी. रावेंद्र को तत्काल हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. रावेंद्र की असमयिक मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर है. रावेंद्र की मौत के कारणों का पता पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा.
