न्यायाधीश अभय एस ओक ने दो नयी पहलों की शुरूआत की

जबलपुर, 20 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश राज्य न्यायिक अकादमी के दो दिवसीय मुख्य जिला और सत्र न्यायाधीश सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अभय एस. ओक ने आज यहां “ई-ज्योति जर्नल” और “त्वरित” (ट्रांसमिशन ऑफ वारंट्स सम्मन्स एंड रिपोर्ट्स बाई इंफर्मेशन टैक्नालॉजी) नाम की अत्याधुनिक “डिजिटल” पहल की शुरूआत की।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार “त्वरित” के माध्यम से सम्मन और वारंट की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक भी की जा सकेगी। मध्यप्रदेश इस पहल के लिए नियमों को अधिसूचित करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है, जो न्यायिक प्रणाली में डिजिटल नवाचार का एक अनुकरणीय उदाहरण है। न्यायमूर्ति श्री ओक ने न्याय प्रणाली में जिला न्यायालयों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने जिला न्यायाधीशों से पुराने लंबित मामलों के निराकरण को प्राथमिकता देने और नवीन दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया।

दो दिवसीय सम्मेलन में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत, न्यायाधीश सुश्रुत अरविंद धर्माधिकारी और अन्य न्यायाधीश सम्मिलित हुए। सम्मेलन में प्रदेश के सभी मुख्य जिला और सत्र न्यायाधीश, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, राज्य न्यायिक अकादमी के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक सम्मिलित हुए। “ई-ज्योति जर्नल” अकादमी की वेबसाइट पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध रहेगी। इससे पाठकों को बहुमूल्य जानकारी मिल सकेगी।

मुख्य न्यायाधीश श्री कैत ने जरूरतमंद और गरीब याचिकाकर्ताओं को कानूनी सहायता प्रदान किये जाने को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने जिला न्यायालयों के न्यायधीशों से आह्वान किया कि वे उत्कृष्ट प्रदर्शन और श्रेष्ठ नेतृत्व से जिलों में सेवारत न्यायिक अधिकारियों को प्रेरित करें। सम्मेलन में न्यायिक प्रणाली को आधुनिक बनाने और न्याय प्रदान करने में दक्षता बढ़ाने के प्रति प्रतिबद्धता और सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।

Next Post

भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल: सिंघार

Mon Jan 20 , 2025
खरगोन, 20 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मोहन यादव सरकार के कार्यकाल का आंकलन करते हुए आरोप लगाया कि यह सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। श्री सिंघार ने आज यहां पत्रकारों से चर्चा में मुख्यमंत्री श्री यादव के कार्यकाल को लेकर पूछे गए […]

You May Like