शासकीय होलकर विज्ञान महाविद्यालय में कार्यशाला सम्पन्न
महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया कार्यक्रम में हुई शामिल
इंदौर: शासकीय होलकर विज्ञान महाविद्यालय इंदौर में आज जनजातीय गौरव की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती निर्मला भूरिया थीं. कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय युवा वनवासी कल्याण परिषद् केंद्र नागपुर के प्रमुख वैभव सुरंगे थे. मंत्री श्रीमती भूरिया ने जनजाति महानायकों के देश में ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान को बताया.
मुख्य वक्ता वैभव सुरंगे ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तिलका माँझी, भगवान बिरसा मुंडा, टंट्या भील, रानी दुर्गावती आदि महानायकों का देश की आजादी में विशेष योगदान रहा. जनजाति समाज की जीवनशैली, रहन सहन के साथ आज के युग में जनजाति समाज की संस्कृति एवं सभ्यता अनुकरणीय है. उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम में बहुत सारे जनजाति महानायकों ने गौरवान्वित किया है. उन सबका स्मरण करना हमारा कर्तव्य है.
25 उत्कृष्ट महिलाओं का सम्मान
कार्यक्रम में शासकीय होलकर विज्ञान कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अनामिका जैन, कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. नागेश डगवानकार, रूपसिंग नागर, डॉ. आर. सी. दीक्षित, डॉ. दिनेश खंडेलवाल, डॉ. विनोद ठाकुर, डॉ. सखाराम मुजाल्दे आदि विशेष रूप से मौजूद थे. कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय व्यास ने किया. कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. अनामिका जैन ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर 25 उत्कर्ष महिलाओं का सम्मान भी किया गया.
