
रतलाम। रतलाम-इंदौर फोरलेन पर बुधवार तडक़े एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब चलती लोडिंग गाड़ी में अचानक आग लग गई। वाहन में शादी समारोह का टेंट सामान भरा हुआ था, जो देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगा। ड्रायवर की सतर्कता के चलते वह समय रहते कूदकर बाहर निकल गया और उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 4 बजे की है। लोडिंग वाहन रतलाम से गांव धराड़ की ओर टेंट सामग्री लेकर जा रहा था। रतलाम सीमा पार करते ही महू-नीमच फोरलेन किनारे स्थित चौपाल सागर के पास अचानक वाहन से धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए ड्रायवर ने तुरंत वाहन को सडक़ किनारे रोका और बिना देर किए कूदकर अपनी जान बचाई। ड्रायवर के उतरते ही कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया। लोडिंग में रखा पूरा टेंट सामान जलकर खाक हो गया और आग ने वाहन को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही सालाखेड़ी चौकी पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। इस दौरान करीब आधे से पौन घंटे तक फोरलेन पर यातायात प्रभावित रहा और वाहनों को रोकना पड़ा। सालाखेड़ी चौकी प्रभारी जगदीशचंद्र यादव ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लोडिंग वाहन और टेंट सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
