जबलपुर: शहर में रहने वाली एक बालिका को उसके दादा-दादी ने डांटा तो शुक्रवार को वह घर से भाग गई। मदन महल स्टेशन से जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार होकर चली गई। दादा दादी ने उसे आसपास तलाशा और जब कहीं पता नहीं चला तो पुलिस में शिकायत की। सीसीटीवी कैमरा फुटेज जांच करने पर बालिका मदन महल स्टेशन में दिखी। वह प्लेटफार्म एक पर खड़ी जबलपुर-रानी कमलापति जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार होते दिखाई दी। जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के निर्देश पर मदन महल जीआरपी चौकी का एक दल गठित किया गया। चौकी प्रभारी जगन्नाथ सिंह धुर्वे के मार्गदर्शन में प्रधान आरक्षक विनोद तिवारी, आरक्षक हर्ष शर्मा, अंजनी राजपूत एवं शकुंतला के दल ने बालिका को तलाशना शुरू घंटे किया।
तकनीकी जांच में बालिका की लोकेशन इटारसी में मिली। जीआरपी चौकी का दल इटारसी पहुंचा। वहीं स्टेशन में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई, जिसमें बालिका जनशताब्दी एक्सप्रेस से स्टेशन में उतरते दिखाई दी। जीआरपी कर्मियों ने बालिका के छायाचित्र और मुखबिर की मदद से उसकी तलाश शुरू की। वह स्टेशन के पास ही गुमसुम बैठी मिली। उसे सुरक्षित जबलपुर लाया गया है। स्वयंसेवी संगठन की मदद से बाल गृह में रखा गया है। जांच में पता चला है कि बालिका के माता-पिता नहीं है। वह दादा दादी के साथ रहती है। किसी बात पर उसे डांट दिया था, नाराज होकर वह चली गई थी।
