गुना: शहर के सबसे बड़े निजी स्कूल वंदना कान्वेंट में मधुमक्खियों के एक झुंड ने स्कूली बच्चों और स्टाफ पर हमला बोल दिया। हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब स्कूल में बच्चों के पहुंचने का सिलसिला जारी था। बच्चों को छोड़ने आए अभिभावकों के मुताबिक मधुमक्खियों का एक झुंड अचानक स्कूल परिसर में उड़कर आया, जिसे देखकर अफरा-तफरी मच गई। स्कूल स्टाफ ने आनन-फानन में बच्चों को सुरक्षित करने की मशक्कत की। लेकिन इसी दौरान परिसर में भिनभिना रहीं मधुमक्खियों ने 3 से 4 छोटे बच्चों समेत एक महिला अभिभावक और स्कूल स्टाफ के दो सदस्यों को घायल कर दिया।
इस घटनाक्रम की जानकारी जैसे ही स्कूल प्राचार्य को मिली, उन्होंने तत्काल मौके पर चिकित्सक को बुलाया और बच्चों व स्टाफ को उपचार मुहैया कराया। तब तक मामले की जानकारी बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस जा चुके अभिभावकों को भी मिल गई। बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित अभिभावक दोबारा स्कूल पहुंचे। वहीं कुछ अभिभावक अपने बच्चों को स्वेच्छा से अपने साथ घर ले गए। बताया जा रहा है कि स्कूल प्रबंधन इस बात की तफ्तीश में जुटा हुआ है कि मधुमक्खियों का झुंड आखिर कहां से उड़कर आया, जिसने अचानक स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
