सीहोर। भाजपा के नवीन जिला कार्यालय निर्माण हेतु भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ. यह आयोजन पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी रही. कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल भी जुड़े.
कार्यक्रम की शुरुआत जिला कार्यालय पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा द्वारा ध्वजारोहण से हुई. उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई दी और मिठाई वितरित की. इसके बाद क्रिसेंट रिसोर्ट चौराहे के समीप नए कार्यालय के लिए भूमिपूजन किया गया. इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा, विधायक सुदेश राय, रमाकांत भार्गव, गोपाल इंजीनियर, नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर आदि मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसकी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने नए कार्यालय निर्माण के लिए शुभकामनाएं दीं. वहीं हेमंत खंडेलवाल ने लक्ष्य रखा कि एक वर्ष के भीतर भवन का निर्माण पूर्ण कर अगले स्थापना दिवस पर उसका लोकार्पण किया जाए.
प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का माध्यम है और कार्यकर्ताओं को योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए. करणसिंह वर्मा ने संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया.
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि यह कार्यालय सीहोर नगर के विकास और संगठन की सक्रियता का प्रतीक बनेगा. उन्होंने कहा कि भाजपा सदैव जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है और यह भवन उसी संकल्प का प्रतीक है. युवा नेता कार्तिकेय चौहान ने कहा कि भाजपा युवाओं को आगे बढऩे का अवसर देने वाला दल है.उन्होंने युवाओं से संगठन से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया.
