पुलिस को चकमा देने के लिए कार में लगाए थे सायरन
गुजरात और तमिलनाडु की नंबर प्लेट भी बरामद
इंदौर:आजाद नगर थाना पुलिस ने सोमवार रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सायरन लगी संदिग्ध कार से 45 पेटी बीयर जब्त की है. जब्त शराब की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है. कार से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो उज्जैन और इंदौर के रहने वाले हैं. पुलिस इस तस्करी के पीछे बड़े नेटवर्क की जांच में जुट गई है.
आजाद नगर थाना प्रभारी विजय सिसौदिया को सूचना मिली थी कि उद्योग नगर क्षेत्र में एक संदिग्ध कार में शराब लोड की जा रही है. टीम जब मौके पर पहुंची, तो सायरन बजाते हुए कार एमपी 13 जेड बी 7472 तेजी से रवाना हो गई. घेराबंदी कर उसे रोका गया, और तलाशी लेने पर कार से 45 पेटी बीयर बरामद की गई.
पुलिस भोलाराम उस्ताद मार्ग में रहने वाले आरोपी दीपक पिता लखन चौरसिया के साथ उज्जैन के कृष्णा पार्क में रहने वाले गौरव पिता योगेन्द्र सोलंकी को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब एरोड्रम क्षेत्र की तीन इमली वाइन शॉप से लाई गई थी और पीथमपुर में एक पार्टी में डिलीवर की जानी थी. वाइन शॉप संचालक मोहन ठाकुर से पूछताछ की जाएगी, जिनका नाम पूर्व में भंवरकुआं थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के एक मामले में भी सामने आ चुका है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ी दर कड़ी जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
कार में मिलीं फर्जी नंबर प्लेटें
कार से गुजरात और तमिलनाडु की नंबर प्लेट भी बरामद की गई हैं. पुलिस को संदेह है कि इस वाहन का इस्तेमाल लंबे समय से अवैध शराब की तस्करी में किया जा रहा था. आरोपी दीपक ने पूछताछ में एक अन्य व्यक्ति का नाम बताया है, जिसने यह गाड़ी उसे दी थी.
सायरन से देते थे पुलिस को चकमा
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी सायरन का इस्तेमाल पुलिस चेकिंग से बचने और जल्दी रास्ता पाने के लिए करते थे. इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा रहा है.
