सीधी:सीधी-पटपरा मार्ग के कारूभारत क्षेत्र में रविवार शाम करीब 4 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर चार लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल सीधी में चल रहा है। जानकारी के अनुसार ग्राम डेम्हा निवासी संजय सिंह अपने एक साथी के साथ बाइक से सीधी की ओर जा रहे थे। तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर सुनीता साहू और शैलेंद्र साहू सवार थे। टक्कर के बाद सभी बाइक सवार सड़क पर गिर गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस के ईएमटी आकाश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया।अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों को मामूली चोटों के कारण छुट्टी दे दी गई। गंभीर रूप से घायल संजय सिंह और एक अन्य व्यक्ति का इलाज जारी है, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। बताया गया है कि अज्ञात घायल बेहोशी की हालत में है, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
इनका कहना है
सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने के बाद ही आगे की जांच शुरू की जाएगी और मामला दर्ज किया जाएगा।
अभिषेक उपाध्याय , थाना प्रभारी कोतवाली
