भोपाल: राजधानी भोपाल में आज गेहूं उपार्जन कार्य की औपचारिक शुरुआत मुगलिया कोट स्थित आधुनिक स्टील साइलो केंद्र से की गई। इस नई व्यवस्था के तहत किसानों से सीधे वैज्ञानिक तरीके से भंडारण योग्य गेहूं की खरीदी की जा रही है, जिससे गुणवत्ता संरक्षण के साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।उपार्जन के पहले दिन सबसे पहले परवलिया ग्राम के किसान संतोष गौर से 55 क्विंटल गेहूं की खरीदी की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में तौल, गुणवत्ता परीक्षण और रिकॉर्ड की प्रक्रिया पूरी की गई। किसानों को मौके पर ही पंजीयन और ऑनलाइन भुगतान से जुड़ी जानकारी भी दी गई।
स्टील साइलो प्रणाली के जरिए गेहूं का सुरक्षित भंडारण लंबे समय तक संभव होगा, जिससे पारंपरिक गोदामों में होने वाले नुकसान में कमी आएगी। यह पहल सरकार द्वारा कृषि उपज के बेहतर प्रबंधन और किसानों को सुविधाजनक उपार्जन व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित स्लॉट के अनुसार अपनी उपज लेकर केंद्रों पर पहुंचे, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।
