
जबलपुर। लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे को लेकर इंडिया गठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बुधवार को ‘वोट बचाओ-देश बचाओ के आह्वान के साथ पैदल मार्च निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में शामिल इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां, झंडे और लोकतंत्र की रक्षा से जुड़े संदेश लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताएं जनता के सामने रखीं।
पैदल मार्च की शुरुआत गांधी प्रतिमा टाउन हॉल महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर इंडिया गठबंधन के नेताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को याद करते हुए लोकतंत्र, अहिंसा, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद पैदल मार्च ,तुलाराम चौक, अंधेर देव, बड़ा फवारा, घमंडी चौक,और सुपर मार्केट होते हुए मालवीय चौक पहुंचा। रास्ते भर कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा से जुड़े नारे लगाए। मार्च के दौरान ज्ञानेश कुमार, गृह मंंत्री अमित शाह और पीएम नरेंद्र मोदी के पुतलों का दहन कर इंडिया गठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
सभा में केंद्र सरकार पर साधा निशाना
पैदल मार्च के मालवीय चौक पहुंचने के बाद सभा का आयोजन किया गया। सभा में इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के नेताओं ने अपने विचार रखे। सभा में नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, युवाओं और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर जवाब चाहती है। लोकतंत्र में जनता ही अंतिम निर्णायक होती है और चुनाव के माध्यम से जनता अपनी पसंद की सरकार चुनती है। इसलिए मतदाता के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, विधायक लखन घनघोरिया, तरुण भनोट, दिनेश यादव,अमरीश मिश्रा, चिंटू चौकसे, गीता तिवारी, रामरतन यादव संयोजक इंडिया गठबंधन, नोके लाल प्रजापति समाजवादी पार्टी ग्रामीण, अरविंद श्रीवास्तव, रामनारायण कुरीतिया, रोहित यादव समाजवादी अध्यक्ष शहर, गया प्रसाद कुशवाहा राष्ट्रीय समानता, भावना दीक्षित, मधु चौधरी, रजनीश दुबे संयुक्त संघर्ष मोर्चा, घनश्याम यादव संयुक्त पिछड़ा वर्ग मोर्चा, इंद्र कुमार कुलस्ते सेवा जनजाति सेवा संघ, नेम सिंह मरकाम गढ़ा गोंडवाना संरक्षण संघ, सद्भावना मंच राजकुमारी बंसल, जमतिया इस्लामिया हिंद मेहंदी हुसैन, भारत जोड़ो अमित पांडे, अजय झरिया,आरिफ बेग सहित अन्य संगठनों के सदस्य मौजूद रहे।
