तेहरान, 05 अप्रैल (वार्ता) ईरान में इंटरनेट बंदी ने अब तक के सभी वैश्विक रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इंटरनेट की निगरानी करने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था ‘नेटब्लॉक्स’ की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, ईरान में जारी ‘इंटरनेट ब्लैकआउट’ अब तक किसी भी देश में दर्ज की गई दुनिया की सबसे लंबी राष्ट्रव्यापी इंटरनेट बंदी बन गई है।
नेटब्लॉक्स के मुताबिक, ईरान में इंटरनेट सेवाओं को बंद हुए लगातार 37 दिन (864 घंटे) बीत चुके हैं। गंभीरता और समय सीमा के मामले में इसने दुनिया की ऐसी अन्य सभी घटनाओं को पीछे छोड़ दिया है।
गौरतलब है कि ईरान में यह सख्त कदम वहां उपजे गंभीर सुरक्षा हालात और राजनीतिक अस्थिरता के बीच उठाया गया है। लगातार इतने दिनों से संचार ठप होने के कारण आम नागरिकों का बाहरी दुनिया से संपर्क पूरी तरह कट गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इतने लंबे समय इंटरनेट के बंद होने से न केवल देश की अर्थव्यवस्था, बल्कि आम लोगों के जनजीवन पर भी गहरा प्रभाव पड़ रहा है।

