छिंदवाड़ा: जिले का ग्राम घटलिंगा, जो चारों ओर से पहाडिय़ों से घिरा हुआ है, अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। यहां मौजूद वॉटरफॉल, घने जंगल और पहाड़ इस क्षेत्र को विशेष बनाते हैं। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने कहा कि घटलिंगा गांव छिंदवाड़ा के पर्यटन को नया आयाम देगा और यहां पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने ग्रामीणों से एकजुट होकर पर्यटन को बढ़ावा देने का आह्वान किया, जिससे गांव की अर्थव्यवस्था मजबूत हो सके।
कलेक्टर श्री नारायन ने होम स्टे संचालकों को स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि घटलिंगा की पहचान देश-विदेश तक बन सके। यह विचार उन्होंने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित पर्यटन ग्राम घटलिंगा में होम स्टे के लोकार्पण अवसर पर व्यक्त किए। यहां कुल 6 होम स्टे बनाए जाने हैं, जिनमें से 2 का लोकार्पण शनिवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, डीएटीसीसी के नोडल अधिकारी बलराम राजपूत, पर्यटन प्रबंधक गिरीश लालवानी, परार्थ समिति से मंजरी चांदे, मो. सगीर, जनपद उपयंत्री रामवती कैथवास सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
पर्यटकों के लिए आकर्षक गतिविधियों की योजना
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड और परार्थ समिति द्वारा घटलिंगा में विभिन्न रोमांचक गतिविधियों की योजना बनाई गई है। यहां आने वाले पर्यटकों को कई सुंदर वॉटरफॉल देखने का अवसर मिलेगा। साथ ही आम के बगीचे, साल के जंगल, प्रतापगढ़ पहाड़, लौटादेव, चंडी माता मंदिर, कीड़ा कुंड और सीतावर बाड़ी प्वाइंट जैसे दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इस पूरी योजना की जानकारी कलेक्टर श्री नारायन ने विस्तार से ली।
चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
कलेक्टर श्री नारायन ने गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पानी और सड़क से जुड़ी समस्याएं रखीं। कलेक्टर श्री नारायन ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए खुशी जताई कि उन्हें अपनी बात रखने का अवसर मिला।
