उज्जैन: महाकाल की नगरी में महाकुंभ के दौरान 30 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन की जो तैयारी की जा रही है, उसमें करोड़ों श्रद्धालु रेल मार्ग से भी आएंगे, यही कारण है कि चिंतामण रेलवे स्टेशन पर भी सुविधाएं जुटाई जा रही है.सिंहस्थ महापर्व 2028 की व्यापक तैयारियों के तहत शहर में चल रहे मार्ग निर्माण और मार्ग चौड़ीकरण कार्यों की प्रगति की जो फेहरिस्त बनाई गई है उसमें चिंतामण रेलवे स्टेशन का क्षेत्र भी शामिल कर लिया गया है. सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन को ध्यान में रखते हुए उज्जैन शहर में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है. लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन को ध्यान में रखते हुए सड़क नेटवर्क को सुगम और चौड़ा बनाया जा रहा है, ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर रह सके और शहर में आवागमन बाधित न हो.
सिंहस्थ मेला अधिकारी और कलेक्टर पहुंचे
सिंहस्थ मेला अधिकारी, सह संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रोशन सिंह ने चिंतामन गणेश मंदिर के समीप चिंतामन रेलवे स्टेशन की कनेक्टिविटी के लिए बनाए जा रहे 12 मीटर चौड़े मार्ग निर्माण कार्य देखा, अधिकारियों ने मौके पर निर्माण कार्य की प्रगति की जानी. अफसरों ने बताया कि सिंहस्थ महापर्व के दौरान चिंतामन रेलवे स्टेशन तक पहुंचने वाला यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगा. इस सड़क का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा होगा.
गाड़ी अड्डा से वीडी क्लॉथ मार्केट
शहर में चल रहे प्रमुख मार्ग चौड़ीकरण कार्य भी चल रहे हैं, अधिकारियों ने गाड़ी अड्डा से वीडी क्लॉथ मार्केट और तेलीवाड़ा से ढाबा रोड तक लगभग 1.6 किलोमीटर लंबाई में किए जा रहे 15 मीटर चौड़ीकरण कार्य की चिंता भी पाली, साथ ही कोयला फाटक से नरेंद्र टाकीज तिराहा होते हुए कंठाल चौराहे तक लगभग 1.23 किलोमीटर लंबे मार्ग के 15 मीटर चौड़ीकरण कार्य का भी पैदल भ्रमण करते हुए यहां श्रद्धालुओं की सुविधा क्या-क्या बढ़ाई जा सकती है यह भी तय किया.
संसाधन बढ़ाकर व्यवस्थित ढंग से करें कार्य
निरीक्षण के दौरान निर्माण एजेंसियों से कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी प्रमुख मार्गों पर चौड़ीकरण का कार्य तेजी से किया जाए. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि निर्माण कार्य के दौरान शहरवासियों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो. इसके लिए आवश्यक संसाधन बढ़ाकर कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जाए.
– आशीष सिंह,संभाग आयुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी उज्जैन
समग्र विकास का अवसर
सिंहस्थ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि उज्जैन के समग्र विकास का भी अवसर है. इस आयोजन के माध्यम से शहर की सड़कें, यातायात व्यवस्था और आधारभूत सुविधाएं बेहतर बनाई जा रही हैं, जिससे आने वाले वर्षों में भी शहरवासियों को इसका लाभ मिलेगा. प्रशासन का प्रयास है कि सिंहस्थ 2028 से पहले सभी प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण और निर्माण कार्य समय पर पूर्ण हो, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उज्जैन शहर एक व्यवस्थित और सुगम धार्मिक नगरी के रूप में सामने आए.
– रोशन सिंह, कलेक्टर उज्जैन
