जमीन-टोल टैक्स की दरें बढ़ीं, नया वित्तीय सत्र में 52 लोकेशन्स पर जमीन महंगी

जावद। नए वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत के साथ ही आम लोगों पर महंगाई का सीधा असर दिखना शुरू हो गया है। 1 अप्रैल से जावद में जमीन की नई कलेक्टर गाइडलाइन, नयागांव टोल टैक्स और क्षेत्र की बिजली दरों में बढ़ोतरी लागू हो गई है। इन बदलावों से रोजमर्रा के खर्चों में इजाफा होना तय है।

548 लोकेशन में से 52 की दरें बढ़ाई

जावद क्षेत्र में 1 अप्रैल से नई गाइडलाइन दरें प्रभावी हो गई हैं। कुल 548 लोकेशन में से 52 स्थानों की दरें बढ़ाई गई हैं, जबकि 496 लोकेशन पर कोई बदलाव नहीं हुआ है। सडक़ और विकास कार्यों का असर इन दरों पर सबसे ज्यादा देखने को मिला है।

जयसिंहपुर-नयागांव रोड बनने के कारण संबंधित क्षेत्रों की दरें बढ़ाई गई हैं। इनमें 35 लोकेशन पर 1 से 10 प्रतिशत तक और 17 लोकेशन पर 11 से 20 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है।

सिंगोली क्षेत्र में 120 स्थानों की दरें बढ़ी

सिंगोली क्षेत्र में भी 333 लोकेशन में से 120 स्थानों की दरें बढ़ाई गई हैं। नीमच से सिंगोली तक दो लेन सडक़ बनने के कारण नीमच और सिंगोली के बीच आने वाले 48 स्थानों की गाइडलाइन दरों में वृद्धि हुई है।

सिंगोली में 228 लोकेशन पर कोई नई दरें लागू नहीं की गई हैं। बढ़ाई गई लोकेशन में से 22 स्थानों पर 1 से 10 प्रतिशत, 96 स्थानों पर 11 से 20 प्रतिशत और 2 स्थानों पर 20 से 30 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।

टोल टैक्स में भी बढ़ोतरी लागू

1 अप्रैल से नयागांव टोल प्लाजा पर टोल टैक्स में भी बढ़ोतरी लागू हो गई है। नई दरों के अनुसार, कार चालकों को प्रति यात्रा लगभग 5 रुपए अधिक चुकाने होंगे, जबकि बस और ट्रक के लिए यह वृद्धि 15 रुपए तक है। भारी वाहनों पर 15 से 20 रुपए का अतिरिक्त भार पड़ा है।

नई दरों के तहत अब कार चालकों को 36 रुपए के बजाय 39 रुपए देने होंगे। बस का टोल 94 रुपए, ट्रक का 235 रुपए, एलसीवी (हल्के वाणिज्यिक वाहन) का 196 रुपए और मल्टी एक्सल वाहन का 469 रुपए कर दिया गया है।

टोल प्लाजा पर मासिक पास की दरों में भी वृद्धि की गई है। कार का मासिक पास अब 1170 रुपए, एलसीवी का 2820 रुपए, ट्रक/बस का 5880 रुपए और एमएवी (मल्टी एक्सल वाहन) का 7050 रुपए हो गया है।

Next Post

रंगदूत समेत 1100 से अधिक कला मंडलियों का अनुदान बंद

Wed Apr 1 , 2026
सीधी। रंगदूत समेत देश की 1100 से अधिक कला मंडलियों का अनुदान बंद कर दिया गया। रंगदूत सीधी ही नहीं बल्कि देश का एक प्रमुख और सक्रिय नाट्य दल है, जिसने देश के साथ विदेशों में भी सीधी का परचम लहराया है। रंगदूत से प्रशिक्षित कलाकार रंगमंच और सिनेमा तक […]

You May Like