ग्वालियर: कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम पुनः ग्वालियर डिवीजन क्रिकेट एसोसियेशन को लीज पर दिये जाने के पक्ष में अभी तक एमआईसी तैयार नहीं है, जबकि निगमायुक्त संघ प्रिय ने जीडीसीए की कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम की लीज बढाने का स्वीकृति पत्र एमआईसी को भेज दिया है। वहीं ग्वालियर के सांसद भारत सिंह कुशवाह व पूर्व महापौर विवेक नारायण शेजवलकर कै रूपसिंह स्टेडियम की लीज बढाने के पक्ष में नहीं है लेकिन यदि रूपसिंह स्टेडियम की लीज नहीं बढती है तो ग्वालियर की नवोदित क्रिकेट प्रतिभाओं के हाथ से एक मैदान छिन जाएगा, और उनको प्रेक्टिस से लेकर क्रिकेट के अन्य आयोजन पर भी संकट गहरा जाऐगा।
नगर निगम के एमआईसी सूत्रों ने इस बताया कि जीडीसीए ने शुरूआत में रूपसिंह स्टेडियम की लीज राशि देने में काफी दिक्कत की थी । अब उन पर निगम ने काफी डयूज भी लगाया है। यह बात भी तय है कि जीडीसीए पकेवल क्रिकेट का आयोजन करता है, जिससे स्टेडियम हमेशा खाली पडा रहता है और इसका नगर हित में उपयोग नहीं हो पाता। एमआईसी यहां हाकी, फुटबाल जैसे लोकप्रिय खेल आयोजन भी कराना चाहती है।
निगम के हाकी फुटबाल के आयोजन में हमें अपना स्टेडियम होने के बाद भी अन्य खेल मैदान लेने पडते है। एमआईसी सूत्रों ने कहा कि रूपसिंह स्टेडियम के लिये केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर से महापौर को भी आग्रह किया गया है। पहले जीडीसीए सारे डयूज क्लीयर करे तब आगे विचार किया जाएगा। सूत्र ने कहा कि जीडीसीए ने बीच के कई सालों की लीज राशि जमा नहीं की है।
