वित्त वर्ष 2025-26 में यात्री वाहनों की रिकॉर्ड तोड़ बिक्री

नयी दिल्ली, 01 अप्रैल (वार्ता) वित्त वर्ष 2025-26 में देश में करीब 47 लाख यात्री वाहनों की बिक्री के साथ नया रिकॉर्ड बना है। यात्री वाहनों में कार, उपयोगी वाहन और वैन शामिल हैं।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेश चंद्रा ने बुधवार को एक बयान में बताया कि गत 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष में यात्री वाहन उद्योग की सालाना बिक्री करीब 47 लाख पर पहुंची है जो एक साल पहले की तुलना में आठ फीसदी अधिक है।

उन्होंने कहा कि दूसरी छमाही में उद्योग ने बिक्री में दहाई अंक की वृ्द्धि दर्ज की। इसमें वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की नयी पीढ़ी के बदलावों और बेहतरीन त्योहारी सीजन की अहम भूमिका रही।

श्री चंद्रा ने, जो वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के अध्यक्ष भी हैं, कहा कि स्वच्छ ईंधन वाले वाहनों की ओर लोगों का झुकाव बढ़ रहा है। इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री दो लाख इकाई को पार कर गयी। साथ ही सीएनजी पर चलने वाले वाहनों की बिक्री में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।

यात्री वाहन बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने बताया कि उसकी कुल बिक्री लगातार तीसरे साल 20 लाख इकाई के पार रही है। बीते वित्त वर्ष में उसने 24,22,713 वाहन बेचे जो अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है। इस दौरान घरेलू बिक्री रिकॉर्ड 18,61,704 इकाई पर और निर्यात 4,47,774 इकाई के नये उच्चतम स्तर पर रहा।

मार्च में कंपनी ने घरेलू बाजार में कुल 1,69,428 वाहन बेचे जबकि 47,040 वाहनों का निर्यात किया। साथ ही उसने दूसरी विनिर्माण कंपनी के भी 8,783 वाहन बेचे। इस प्रकार उसकी कुल मासिक बिक्री 16.72 प्रतिशत उछलकर 2,25,251 इकाई रही।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने बताया कि मार्च में उसकी घरेलू बिक्री 28 प्रतिशत बढ़कर 66,192 इकाई पर और निर्यात 204 फीसदी बढ़कर 779 इकाई पर पहुंच गयी। इलेक्ट्रिक वाहनों की कंपनी की बिक्री 77 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 9,494 इकाई दर्ज की गयी।

वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी ने घरेलू बाजार में 6,31,387 वाहन बेचे और इसमें 14 फीसदी को बढ़ोतरी हुई है। निर्यात 281 फीसदी बढ़कर 10,200 इकाई रही। इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में 43 प्रतिशत का इजाफा हुआ और यह 92,120 इकाई दर्ज की गयी।

श्री चंद्रा ने कहा कि कंपनी ने पूरे वित्त वर्ष और चौथी तिमाही में बिक्री के नये रिकॉर्ड बनाये। वाहन पंजीकरण के आधार पर कंपनी वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में देश की दूसरी सबसे बड़ी यात्री वाहन निर्माता बन गयी है। दक्षिण अफ्रीका में कंपनी के दोबारा प्रवेश करने से निर्यात भी तेजी से बढ़ रहा है।

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने भी घरेलू बाजार में मासिक और तिमाही बिक्री का नया कीर्तिमान कायम किया है। मार्च में उसकी घरेलू बिक्री 55,064 इकाई रही जो एक साल पहले के मुकाबले 6.3 प्रतिशत की वृद्धि दिखाता है। कंपनी ने महीने के दौरान 13,940 इकाई का निर्यात किया। इस प्रकार कुल बिक्री 69,004 इकाई रही।

तिमाही में उसने कुल 2,08,275 वाहन बेचे जो 8.7 प्रतिशत की वृद्धि दिखाता है। इसमें घरेलू बिक्री 8.5 प्रतिशत बढ़कर 1,66,578 इकाई और निर्यात 9.4 प्रतिशत बढ़कर 41,697 इकाई रहा।

रेनो इंडिया की बिक्री मार्च में 77 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि के साथ 5,046 इकाई पर पहुंच गयी। मार्च की बिक्री में 63 प्रतिशत योगदान कंपनी की काइगर और ट्रिबर कारों का रहा। पूरे वित्त वर्ष में कंपनी ने 42,018 वाहन बेचे जो 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी दिखाता है।

फोर्स मोटर्स की बिक्री मार्च में 14 प्रतिशत बढ़कर 4,126 इकाई और पूरे वित्त वर्ष में 20 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 36,536 इकाई पर रही।

स्कोडा ऑटो इंडिया ने बताया कि उसने तिमाही के दौरान 20,028 वाहन बेचे जो सालाना आधार पर 17 प्रतिशत अधिक है।

 

Next Post

चावल, गेहूं, चीनी के भाव गिरे, खाद्य तेलों, दालों में घट-बढ़

Wed Apr 1 , 2026
नयी दिल्ली, 01 अप्रैल (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल की औसत कीमत गिर गयी। चावल के साथ गेहूं और चीनी में भी नरमी देखी गयी जबकि दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। औसत दर्जे के चावल का औसत भाव तीन रुपये घटकर 3,865 […]

You May Like

मनोरंजन