सतना: जिले की ग्राम पंचायत श्याम नगर में सरकारी दावों और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत पहली ही बारिश में बह गई. अधिकारियों और ग्राम पंचायत की कथित मिलीभगत से ₹20 लाख की लागत से तैयार किया गया नया रपटा पानी के तेज बहाव को झेल नहीं सका.घटिया निर्माण के चलते बसौरा गांव का संपर्क ब्लॉक व जिला मुख्यालय से पूरी तरह टूट गया है.
रपटा बह जाने के कारण सबसे बुरा असर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ा है. बसौरा गांव के बच्चों को रोजाना स्कूल जाने के लिए उफनती नदी के तेज बहाव के बीच से गुजरना पड़ रहा है.आवागमन बंद होने से गांव में एंबुलेंस या आवश्यक सेवाएं पहुंचना भी नामुमकिन हो गया है, जिससे आपातकालीन स्थिति में ग्रामीणों के सामने भारी संकट खड़ा हो गया है.
घटिया निर्माण सामग्री का आरोप, जांच की मांग
ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों की घोर अनदेखी की गई और घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ. वहीं ग्रामीणों ने मामले में उच्चस्तरीय जांच कराने और भ्रष्ट अधिकारियों व निर्माण एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर नए पुल के निर्माण की मांग की है.
यह पहला मामला नहीं है इसके पूर्व भी जिले की कई ग्राम पंचायतों में जमकर कर गुणवत्ता विहीन कार्य किए गए हैं. जिसके चलते बारिश होते ही घटिया निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
इनका कहना
हमने निर्माण कार्य की जांच कर रिपोर्ट जिला पंचायत सीईओ को भेज दी है आगे कि कार्रवाई की जाएगी.
मधु बगारी
एसडीओ
