ईडी ने 3.36 करोड़ रुपये के पंजाब नेशनल बैंक धोखाधड़ी मामले में राम पाटीदार के खिलाफ दायर किया आरोप पत्र

नयी दिल्ली, 01 अप्रैल (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब नेशनल बैंक धोखाधड़ी मामले में ‘नर्मदा शीत गृह’ के मालिक राम पाटीदार और अन्य लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है।

ईडी के इंदौर उप क्षेत्रीय कार्यालय ने बुधवार को बताया कि विशेष अदालत ने राम पाटीदार और अन्य आरोपियों को नोटिस जारी किये हैं। ईडी ने यह जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज की गयी प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी। यह प्राथमिकी भारतीय दंड संहिता (आईपीसी ) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत राम पाटीदार और अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज की गई थी, जिन पर पंजाब नेशनल बैंक के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी करने और बैंक को गलत तरीके से नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

ईडी की जांच में पता चला कि राम पाटीदार ने ‘नर्मदा शीत गृह’ के नाम पर एक कोल्ड स्टोरेज सुविधा के निर्माण के लिए पंजाब नेशनल बैंक से 3.50 करोड़ रुपये का ऋण लिया था। हालांकि, ऋण की राशि का उपयोग उसके निर्धारित उद्देश्य के लिए करने के बजाय, उसे कई ऐसे खातों में भेज दिया गया, जिन्हें राम पाटीदार खुद नियंत्रित और प्रबंधित करता था। इसके साथ ही,उन पैसों को अन्य संबंधित व्यक्तियों परमानंद पाटीदार, महिंद्रा पाटीदार, मिथुन डावर और अन्यके खातों में भी भेजा गया। इन अवैध गतिविधियों के कारण राम पाटीदार और अन्य आरोपियों ने पंजाब नेशनल बैंक को 3.36 करोड़ रुपये का गलत तरीके से नुकसान पहुंचाया, जबकि इसके बदले उन्होंने खुद गलत तरीके से लाभ कमाया।

इससे पहले,ईडी ने इस मामले में लगभग चार करोड़ रुपये के बाज़ार मूल्य वाली अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क (अटैच) कर लिया था।

 

Next Post

जैविक विविधता कानून में बदलाव से बौद्धिक संपदा अधिकार आवेदनों में भारी उछाल

Wed Apr 1 , 2026
नयी दिल्ली, 01 मार्च (वार्ता) पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने कहा है कि जैविक विविधता (संशोधन) अधिनियम, 2023 लागू होने के बाद से देश में बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) से जुड़े आवेदनों में तेजी आई है। राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण के आंकड़ों के मुताबिक 2025-26 में आईपीआर आवेदनों […]

You May Like