इंदौर: तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई. खेत से सब्जी देकर घर लौट रहे किसान को तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल किसान ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्ट के लिए अस्पताल भेज फरार चालक की तलाश शुरु की.
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 43 वर्षीय लखन पिता रघुनाथ मस्कार निवासी शिवनगर के रूप में हुई है. परिजनों ने पुलिस को बताया कि लखन मंगलवार को खेत की सब्जियां देने गए थे और काम खत्म कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान उमरीखेड़ा पावर हाउस के पास पीछे से आ रही कार एमपी 09 सीई 5787 ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि लखन सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
आसपास मौजूद लोगों और ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के दौरान ही मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने पुलिस को बताया कि लखन परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. उनके पिता और भाई की पहले ही मौत हो चुकी है. परिवार में वृद्ध मां, पत्नी और दो बेटे हैं, जो पढ़ाई कर रहे हैं. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी कार को घेर लिया, लेकिन चालक भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार जब्त कर ली है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.
