इंदौर: पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के पुराने विवाद को लेकर लसूड़िया थाना क्षेत्र में दो भाइयों पर हमला करने के मामला सामने आया है, आरोपियों ने न सिर्फ दोनों भाइयों को बेरहमी से पीटा, बल्कि बाद में उनके घर पर भी पथराव कर दिया. इस हमले में बीच-बचाव करने आईं फरियादी की माँ को भी सिर में चोटें आई हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि घटना सिंगापुर टाउनशिप क्षेत्र की स्वामी विवेकानंद कॉलोनी की है. फरियादी अजय पिता बंशीलाल पवार की शिकायत पर आरोपी संजू और राजा भंडारी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. फरियादी अजय पवार ने पुलिस को बताया कि जब वे काम से वापस घर लौटे, तो आरोपी संजू और राजा उनके घर के सामने खड़े थे.
आरोपियों ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और शिकायत करने का उलाहना देते हुए मारपीट शुरू कर दी. अजय को पिटता देख जब उनके भाई विजय बीच-बचाव करने आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की. फरियादी ने जब पुलिस को बुलाने की बात कही, तो आरोपी संजू ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर उनके घर पर पथराव कर दिया. इस पथराव के दौरान बीच-बचाव के लिए आईं उनकी माँ सागर बाई के सिर में पत्थर लगने से गंभीर चोट आई और खून बहने लगा. हमले को अंजाम देने के बाद आरोपी दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए, मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी.
