इंदौर:राजवाड़ा क्षेत्र में मंगलवार सुबह भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब सुभाष चौक स्थित श्रीरामभक्त हनुमान मंदिर से भव्य यात्रा निकाली गई। प्रातः 5 बजे प्रारंभ हुई इस यात्रा में रथ पर विराजित श्रीरामभक्त हनुमानजी का विशेष आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसकी अनुपम छवि ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में “जय श्रीराम” के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए और भक्ति भाव से यात्रा में सहभागी बने। शहर के विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों मंचों के माध्यम से यात्रा का स्वागत किया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
यह यात्रा सुभाष चौक से प्रारंभ होकर राजवाड़ा, गोपाल मंदिर, पीपली बाजार, बर्तन बाजार, सांठा बाजार, सीतलामाता बाजार और गोराकुंड चौराहा होते हुए पुनः मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से आरती कर समापन किया गया।
