अमेरिका में तीन सालों बाद गैस की कीमत चार डॉलर तक पहुंची

वाशिंगटन, 31 मार्च (वार्ता) अमेरिका में गैस की औसत कीमत मंगलवार को बढ़कर चार डॉलर प्रति गैलन हो गई, जो पिछले तीन वर्षों में देश में कीमतों में सबसे अधिक वृद्धि को दर्शाता है। पश्चिमी एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका में औसत उपभोक्ता के लिए गैस की कीमतों में 35 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। कीमतों की इस वृद्धि से हाल बहुत जल्द राहत मिलने की भी उम्मीद नजर नहीं आती, क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य आर्थिक रूप से अभी भी पंगु बना हुआ है तथा कुछ देशों के जहाजों को छोड़कर सभी के लिए बंद है। होर्मुज का बंद होना वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति को महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित कर रहा है, क्योंकि इस मार्ग से दुनिया के तेल का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा गुजरता है।
युद्ध शुरू होने के बाद से ही वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतें बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल या उससे अधिक हो गई हैं, जिससे उपभोक्ताओं द्वारा भुगतान की जाने वाली कीमतें बढ़ गई हैं। अमेरिका में ठीक एक महीने पहले प्रति गैलन औसत दर 2.98 डॉलर थी, जबकि एक साल पहले यह थोड़ा ऊपर 3.17 डॉलर पर थी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दावों के अनुसार, चल रहा युद्ध जल्द ही समाप्त हो सकता है, क्योंकि ईरान ने कूटनीति रास्ते खोलने शुरू कर दिये हैं। पाकिस्तान ने भी संकेत दिया है कि वह ‘आने वाले दिनों’ में अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता की मेजबानी करेगा। हालांकि अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अपने विशेष अभियान बलों का भी विस्तार किया है, क्योंकि श्री ट्रंप कूटनीति के विफल होने की स्थिति में ईरानी बिजली संयंत्रों और अन्य नागरिक बुनियादी ढांचों पर हमला करने की अपनी धमकियों को भी दोहरा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पिछली बार अगस्त 2022 में अमेरिका में गैस की कीमत चार डॉलर प्रति गैलन से ऊपर थी। उस वर्ष जून में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आने के कारण कीमतें कुछ समय के लिए पांच डॉलर प्रति गैलन से भी ऊपर चली गई थीं।

Next Post

ईरान में ज़मीनी कार्रवाई की अटकलों के बीच, अमेरिका ने हिंद महासागर में तैनात की जल-थल सेना

Tue Mar 31 , 2026
वॉशिंगटन, 31 मार्च (वार्ता) ईरान के खिलाफ संभावित अमेरिकी जमीनी अभियान की अटकलों के बीच, उभयचर आक्रमण पोत यूएसएस ट्रिपोली को हिंद महासागर में तैनात किया गया है। अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। सेंटकॉम द्वारा जारी एक तस्वीर में 45,000 टन वजनी युद्धपोत […]

You May Like

मनोरंजन