ग्वालियर: पिंटू पार्क पानी की टंकी के पास स्थित श्रमिक आश्रय स्थल पर वृहद साक्षरता शिविर लगाकर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिये संचालित विधिक सेवा योजना सहित श्रमिक कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। यह शिविर प्रधान जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ललित किशोर के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में लगाया गया। शिविर में लगभग 500 श्रमिकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर संबल योजना के 25 श्रमिकों को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
वृहद साक्षरता शिविर में नालसा की असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक सेवा योजना 2015, निःशुल्क विधिक सहायता योजना, नालसा एवं सालसा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रियंक भारद्वाज द्वारा जानकारी दी गई। साथ ही जिला विधिक सहायता अधिकारी सुश्री अंकिता शांडिल्य, लीगल एड डिफेंस काउंसिल की ओर से अरविंद सिंह, गिर्राज सिंघल, ओमप्रकाश भार्गव द्वारा शिविर में उपस्थित श्रमिकों को जानकारी प्रदान की गई।
