
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में टूल एवं गेज विनिर्माण (टीजीएम) विभाग द्वारा प्रकाशित हिंदी ई-पत्रिका ‘सृजन’ के चतुर्थ अंक का विमोचन किया गया। पत्रिका का विमोचन रूपेश तैलंग, महाप्रबंधक (फीडर्स एवं ट्रांसफार्मर विनिर्माण, कमर्शियल एवं अनुरक्षण) द्वारा किया गया।
इस अवसर पर तैलंग ने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन करते हुए ई-पत्रिका के लिए रचनात्मक योगदान देना कर्मचारियों की असाधारण क्षमता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इसे टीमवर्क की सफलता बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की कि बीएचईएल के कर्मचारी तकनीकी कार्यों के साथ-साथ साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
महाप्रबंधक (फीडर्स) संतोष डोंगरे ने कहा कि विविध विषयों से सुसज्जित यह पत्रिका कार्यस्थल पर हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन और प्रचार की दिशा में एक सार्थक पहल है। अपर महाप्रबंधक वेद व्रत खरे ने चतुर्थ अंक की रचनात्मकता की सराहना करते हुए संपादकीय मंडल एवं रचनाकारों को बधाई दी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी, संपादकीय मंडल के सदस्य एवं अनेक रचनाकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन सविता पटेल ने किया।
