
जबलपुर। सिविल लाइन इलाके में आज उस वक्त दहशत फैल गई, जब मुख्य डाकघर और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। इस ईमेल के बाद न केवल डाक विभाग बल्कि पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 11 बजे कार्यालय प्रभारी के सिस्टम पर एक अज्ञात मेल आया, जिसमें परिसर को बम से दहलाने की सीधी चेतावनी दी गई थी। प्रभारी ने बिना देरी किए इसकी सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुँच गईं। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे परिसर को खाली करा लिया गया और आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इस धमकी को गंभीरता से लिया। सर्च ऑपरेशन दोपहर 1 बजे शुरू हुआ, जो दोपहर 3:00 बजे तक लगातार चला। टीम ने डाकघर के पार्सल रूम, फाइलों के रैक, कंप्यूटर लैब और पासपोर्ट कार्यालय के हर कोने की बारीकी से जांच की। दो घंटे तक चले इस सघन सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, यह किसी की शरारत या सनसनी फैलाने की कोशिश हो सकती है। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अब उस ईमेल की जड़ तक पहुँचने में जुट गई है। साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस को ट्रेस किया जा रहा है।
