इंदौर:शहर में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातें सामने आई हैं. लसूड़िया और हीरानगर थाना क्षेत्रों में अज्ञात बदमाशों ने घरों में घुसकर नकदी, जेवरात और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए. पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित सिंगापुर टाउनशिप के ग्रीन व्यू प्रीमियम में रहने वाले अमन शर्मा के घर में कल शाम 6:30 बजे से रात 11:30 बजे के बीच चोरी हुई.
बदमाशों ने गेट के पास खिड़की की जाली तोड़कर अंदर घूसे और अलमारी का लॉकर खोल लिया. यहां से काले कमर बैग में रखी सोने की चेन, चार चांदी के सिक्के, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एसबीआई व आईसीआईसीआई के एटीएम कार्ड, एचडीएफसी का क्रेडिट कार्ड, वोटर आईडी, वाहन की आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेज और नगदी चोरी कर ली. इसी तरह हीरानगर थाना क्षेत्र के दीनदयाल उपाध्याय नगर, सुखलिया में रहने वाले 76 वर्षीय निर्मल सिंघल के सूने मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया. फरियादी ने पुलिस को बताया कि 9 से 15 मार्च के बीच अज्ञात बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर अंदर घूसे और अलमारियों में रखे सोने-चांदी के आभूषण व करीब 10 हजार रुपए नगद लेकर फरार हो गए. घर लौटने पर सामान बिखरा मिला. पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है.
