तेल आयात पर सरकार ने फिर दोहराया राष्ट्रीय हितों के साथ समझौता नहीं किया जायेगा: मिस्री

नयी दिल्ली 09 फरवरी (वार्ता) रूस से तेल खरीद को लेकर चल रही अलग-अलग तरह की बयानबाजी के बीच भारत ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि तेल आयात के बारे में कोई भी फैसला लेते समय राष्ट्रीय हित और देशवासियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जायेगी।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने सोमवार को यहां सवालों के जवाब में कहा कि यह सबको पता है कि भारत को अपनी जरूरत के लिए बड़ी मात्रा में तेल आयात करना पड़ता है और यह विभिन्न देशों और स्रोतों से लिया जाता है। उन्होंने किसी भी देश का नाम नहीं लिया लेकिन कहा कि भारत तेल आयात के मामले में किसी दबाव में नहीं आयेगा।

उन्होंने कहा कि भारत की पहले से ही यह नीति रही है कि वह देशवासियों को सस्ता तेल उपलब्ध कराने के लिए विविध स्रोतों से आपूर्ति की रणनीति पर काम करता रहा है।

श्री मिस्री ने कहा , ” ऊर्जा के मामले में हमारी सबसे पहली प्राथमिकता अपने उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। हमें यह तय करना है कि देशवासियों को पर्याप्त ऊर्जा, उचित कीमत पर तथा विश्वसनीय और सुरक्षित आपूर्ति श्रृंखला से मिले। ”

श्री मिस्री का यह बयान अमेरिका के इन निरंतर दावों के बीच आया है जिनमें कहा गया है कि भारत ने रूस से तेल आयात पर रोक लगाने की प्रतिबद्धता जताई है।

इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भी कहा था कि देशवासियों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

Next Post

डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप 10 फरवरी को कुतुब गोल्फ कोर्स में शुरू होगी

Mon Feb 9 , 2026
नयी दिल्ली, 09 फरवरी (वार्ता) डीपी वर्ल्ड और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) ने मिलकर डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप शुरू की है। डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप का पहला लेग 10 से 13 फरवरी, 2026 तक नई दिल्ली के कुतुब गोल्फ कोर्स में होगा। इस टूर्नामेंट में 1.5 करोड़ रुपये […]

You May Like