लखनऊ , 27 अप्रैल (वार्ता) पूर्व भारतीय बल्लेबाज और बल्लेबाजी कोच संजय बांगर ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाजेां के समूह में मोहसिन खान सबसे अधिक प्रभावित कर रहे है और चयनकर्ताओं को नजर उन पर करीब से होनी चाहिए।
लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइर्डस के बीच रविवार रात खेले गये मुकाबले में 23 रन देकर पांच विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज को लेकर बांगर ने कहा, “अगर आप हमारे बाएं हाथ के सीमरों के समूह को देखें, तो मोहसिन सबसे अधिक प्रभावित करते हैं, क्योंकि उन्हें अतिरिक्त उछाल मिलता है, वह उस लेंथ पर लगातार हिट कर सकते हैं और उनके पास ‘हेवी बॉल’ है, जैसा अक्सर कहा जाता है। एक शानदार बाएं हाथ का सीमर बनने के लिए जो गुण चाहिए, वह सब उनमें है और चयनकर्ताओं की नज़र उन पर क़रीब से होनी चाहिए।”
उन्होंने कहा, “बहुत समय हो गया है और अब बात अपनी सर्वश्रेष्ठ फ़िटनेस दोबारा हासिल करने की है, क्योंकि भारतीय प्रतिभा में इस तरह की स्किलसेट वाले खिलाड़ी बहुत कम हैं। हमारे पास बल्लेबाज़ बहुत हैं, लेकिन जो चीज कम है वह बाएं हाथ के सीम गेंदबाजो की विविधता है। टी-20 विश्व कप विजेता टीम में अर्शदीप सिंह ऐसे अकेले विशेषज्ञ थे।”
कल रात खेले गये मैच की पारी के बीच क्रिकइंफो के टाइम आउट शो में बात करते हुए पूर्व टी-20 विश्व कप विजेता कार्लोस ब्रैथवेट ने मोहसिन की सरल लेकिन असरदार गेंदबाज़ी की तारीफ की। उन्होंने कहा, “हम तेज गेंदबाजो की ऐसी गेंदबाजी की बात करते हैं जो लेंथ में मशीन जैसी सटीक हो, अनुशासित हो, भले कुछ लोगों को उबाऊ लगे। उन्हें थोड़ी मदद मिली और जब उन्होंने शॉर्ट गेंद डाली तो पिच पर ज़ोर से मारी। कई बार गेंदबाज केवल अच्छी लेंथ पर गेंद टिका देते हैं और थोड़ी मदद तलाशते हैं, लेकिन नहीं, उन्होंने लगातार उस लेंथ पर प्रहार किया।”
