हालांकि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को 5 दिन के युद्ध विराम की घोषणा की है, लेकिन ईरान ने इस घोषणा को ठुकरा दिया है. जाहिर है स्थिति अभी भी बेहद चिंताजनक है. दरअसल,मिडिल ईस्ट में ईरान-इजरायल के बीच बढ़ता टकराव अब केवल क्षेत्रीय संघर्ष नहीं रह गया है, बल्कि यह वैश्विक अस्थिरता का संकेत बनता जा रहा है. विश्व स्वास्थ्य संगठन की ताजा चेतावनी ने इस आशंका को और गंभीर बना दिया है कि यदि हालात काबू में नहीं आए, तो यह संघर्ष परमाणु आपदा का रूप ले सकता है. यह केवल कूटनीतिक बयान नहीं, बल्कि उस खतरनाक वास्तविकता की ओर इशारा है, जहां युद्ध की रेखाएं अब परमाणु परिसरों के बेहद करीब खिंच चुकी हैं.
विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस का यह कहना कि हमले अब परमाणु संवेदनशील ठिकानों के आसपास हो रहे हैं, वैश्विक समुदाय के लिए एक स्पष्ट चेतावनी है. ईरान के नतांज एनरिचमेंट कॉम्प्लेक्स और इजरायल के डिमोना जैसे क्षेत्रों के आसपास सैन्य गतिविधियां इस बात का संकेत हैं कि युद्ध अब पारंपरिक सीमाओं को लांघ रहा है. परमाणु प्रतिष्ठानों के आसपास किसी भी प्रकार की चूक या हमला न केवल संबंधित देशों के लिए, बल्कि पूरी मानवता के लिए विनाशकारी हो सकता है.
हालांकि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने फिलहाल किसी असामान्य रेडिएशन की पुष्टि नहीं की है, लेकिन यह राहत अस्थायी है. परमाणु जोखिमों की प्रकृति ही ऐसी होती है कि एक छोटी सी चूक भी बड़े पैमाने पर तबाही का कारण बन सकती है. इतिहास हमें चेर्नोबिल और फुकुशिमा जैसी त्रासदियों के रूप में यह सिखा चुका है कि परमाणु संकट की कीमत पीढिय़ों तक चुकानी पड़ती है.
इस संघर्ष का सबसे दुखद पहलू इसका मानवीय प्रभाव है. हजारों लोगों की जान जा चुकी है और हजारों घायल हैं. सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि बड़ी संख्या में बच्चे इस हिंसा के शिकार बने हैं. युद्ध केवल सीमाओं पर नहीं लड़ा जा रहा, बल्कि यह अस्पतालों, स्कूलों और आम नागरिकों के जीवन को तबाह कर रहा है. यह स्थिति अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों की खुली अवहेलना भी दर्शाती है.
इसके साथ ही, इस संघर्ष के आर्थिक और वैश्विक प्रभाव भी गहरे होते जा रहे हैं. खाड़ी क्षेत्र में ऊर्जा ढांचे पर हमलों ने तेल और गैस आपूर्ति को प्रभावित किया है, जिससे पूरी दुनिया में महंगाई और आर्थिक दबाव बढ़ रहा है. वैश्विक अर्थव्यवस्था, जो पहले से ही कई चुनौतियों से जूझ रही है, अब एक और संकट के मुहाने पर खड़ी है.
डब्ल्यूएचओ द्वारा 13 देशों में आपात तैयारी और स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण देना इस बात का संकेत है कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं स्थिति की गंभीरता को समझ रही हैं. लेकिन केवल तैयारी पर्याप्त नहीं है. आवश्यकता इस बात की है कि सभी संबंधित पक्ष संयम और संवाद का रास्ता अपनाएं. युद्ध की दिशा जितनी तेजी से विनाश की ओर बढ़ रही है, उतनी ही तेजी से शांति के प्रयास भी होने चाहिए.
आज दुनिया एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है, जहां एक गलत कदम पूरे वैश्विक संतुलन को बिगाड़ सकता है. यह समय शक्ति प्रदर्शन का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और विवेक का है. यदि कूटनीति विफल होती है, तो इसका परिणाम केवल क्षेत्रीय नहीं, बल्कि वैश्विक त्रासदी के रूप में सामने आएगा. इसलिए, अब भी समय है कि संघर्ष की आग को शांत किया जाए, क्योंकि अंतत: शांति ही वह मार्ग है, जो मानवता को विनाश के इस कगार से वापस ला सकता है.
