गैस संकट ने तोड़ी छोटे व्यापारियों की कमर, पारंपरिक चूल्हों पर लौटे होटल संचालक

सीहोर। क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत ने अब आम लोगों के साथ-साथ होटल, ढाबा और चाय-नाश्ते के छोटे कारोबारियों की कमर तोड़ दी है. हालात इतने खराब हो चुके हैं कि संचालकों को मजबूरी में पारंपरिक तरीकों की ओर लौटना पड़ रहा है. कई होटल और ढाबों में अब लकड़ी से जलने वाली भट्टियों का उपयोग शुरू कर दिया गया है, वहीं कुछ स्थानों पर डीजल से चलने वाली भट्टियां भी इस्तेमाल की जा रही हैं।

व्यापारियों का कहना है कि गैस सिलेंडर की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है. एजेंसियों पर समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने से उन्हें ब्लैक में महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है. इससे उनके संचालन खर्च में भारी बढ़ोतरी हो गई है. एक होटल संचालक ने बताया कि पहले जहां एक सिलेंडर आसानी से मिल जाता था, वहीं अब कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है. ऐसे में ग्राहकों को सेवा देना मुश्किल हो गया है.

गैस की कमी का सबसे ज्यादा असर छोटे होटल, चाय और नाश्ते की दुकानों पर पड़ा है। कई छोटे व्यवसायी इस संकट को झेल नहीं पा रहे हैं और उन्होंने अपनी दुकानें अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं. क्षेत्र में कई जगहों पर चाय-नाश्ते की दुकानों पर ताले लटके नजर आ रहे हैं, जिससे रोजाना की आय पर निर्भर लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.

वहीं, जिन होटलों ने किसी तरह वैकल्पिक व्यवस्था की है, उन्हें भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. लकड़ी और डीजल से खाना बनाने में अधिक समय और मेहनत लगती है, साथ ही लागत भी बढ़ जाती है. इसका सीधा असर ग्राहकों पर पड़ रहा है. कई होटलों में खाने-पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ा दिए गए हैं, जिससे उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है. स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि रसोई गैस की आपूर्ति को जल्द सुचारू किया जाए, ताकि व्यवसाय सामान्य चल सके. उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो यह संकट गहराता जाएगा, जिससे न केवल कारोबार प्रभावित होगा बल्कि रोजगार पर भी असर पड़ेगा.

दुरुपयोग पाए जाने पर 3 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

जिले में गैस एजेंसियों पर अनियमितताओं और दुकानों घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यवसायिक उपयोग को रोकने के लिए खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों के गोदामों, होटलों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है. कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आकाश चंदेल सहित खाद्य विभाग के दल द्वारा सीहोर में 03 गैस एजेंसियों तत्पर गैस एजेंसी, भारत अभिकरण गैस एजेंसी और महमूद हुसैन सज्जाद हुसैन गैस एजेंसी के गोदामों का निरीक्षण किया गया.इसी प्रकार 16 होटलों एवं दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया. इस दौरान 03 दुकानों पर घरेलू सिलेंडरों का दुरूपयोग पाए जाने पर तीनों गैस सिलेंडर जब्त किए गए और प्रकरण भी दर्ज किया गया.

Next Post

इंदौर में पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ जमा 

Tue Mar 24 , 2026
इंदौर। अफवाहों के चलते इंदौर में पेट्रोल पंप पर रात तक भारी भीड़ जमा हो गई । अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया । प्रशासन और पुलिस ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि पेट्रोल की कमी नहीं है । अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी । […]

You May Like