इंदौर: शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ब्राउन शुगर और अफीम समेत करीब 2.40 लाख रुपए कीमत का मादक पदार्थ जब्त किया है.पहली कार्रवाई आजाद नगर थाना क्षेत्र में की गई. थाना प्रभारी लोकेश भदौरिया ने बताया कि पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज करते हुए अभिषेक उर्फ मन्नी (20) पिता शेखर कटारे और मुकद्दर उर्फ खरबू (36) पिता प्रकाश उर्फ नाना भील, दोनों निवासी भील कॉलोनी मूसाखेड़ी को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपियों को बायपास रोड स्थित सियागंज गृह निर्माण संस्था की खाली कॉलोनी से पकड़ा.
इनके कब्जे से करीब 1 लाख 60 हजार रुपए कीमत की ब्राउन शुगर बरामद की गई. वहीं दूसरी कार्रवाई जूनी पुलिस ने की. थाना प्रभारी थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि प्रकरण के तहत एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गोविंद पाटीदार (20) पिता बगदीराम पाटीदार निवासी ग्राम सेमली जागीर, तहसील मनासा जिला नीमच (हाल निवासी जोशी कॉलोनी तेजाजी नगर, इंदौर) को गिरफ्तार किया. आरोपी को जॉनसन आइसक्रीम के पीछे रेलवे पटरी किनारे से पकड़ा. उसके कब्जे से 518 ग्राम अफीम, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है, जब्त की गई. पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों के सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.
