रेलवे लाइन ठेकेदार पर अवैध खनन के आरोप

इंदौर: इंदौर-बुधनी रेलवे लाइन निर्माण से जुड़े ठेकेदार पर सांवेर तहसील के बिसाखेड़ी गांव में अवैध खनन के गंभीर आरोप लगे हैं. किसानों और स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकेदार ने सरकारी तालाब को इतनी गहराई तक खोद दिया है कि वह अब विशाल नजर आने लगा है, जिससे गांव में भय का माहौल है.किसान नेता हंसराज मंडलोई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि ठेकेदार मनमानी करते हुए तालाबों में अवैध खनन कर गिट्टी-मुरम निकाल रहा है, जिससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है बल्कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है.

उन्होंने कहा कि तालाब की खुदाई इतनी गहरी कर दी गई है कि उसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है. मंडलोई के मुताबिक बिसाखेड़ी गांव रेलवे परियोजना से प्रभावित क्षेत्र है, जहां इस तरह की खुदाई से आसपास के रहवासियों, खासकर बच्चों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है, इससे ग्रामीणों में लगातार डर बना हुआ है.प्रभावित किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन बेहद कम कीमत पर ली गई और अब उसी क्षेत्र में अवैध खनन कर हालात और खराब किए जा रहे हैं. किसानों का कहना है कि इस स्थिति में उनके परिवारों की सुरक्षा तक खतरे में है. किसान नेता ने मांग की है कि जिन गांवों में इस तरह अवैध खुदाई की गई है, वहां ठेकेदार से 10 गुना रॉयल्टी वसूली जाए और यह राशि प्रभावित किसानों को दी जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा

Next Post

शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में बड़ी गिरावट

Mon Mar 23 , 2026
मुंबई, 23 मार्च (वार्ता) विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में बड़ी गिरावट देखी गयी। बीएसई का सेंसेक्स 800.38 अंक टूटकर 73,732.58 अंक पर खुला और खुलते ही 1,555.62 अंक की गिरावट में 72,977.34 अंक तक लुढ़क गया। खबर लिखे जाते […]

You May Like