मुंबई, 28 जून (वार्ता) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के ‘पर कतरे जाने’ वाले बयान को सिरे से खारिज करते हुए पलटवार किया है कि उनके कोई पर नहीं हैं और उनके साथ राज्य के 14 करोड़ लोगों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने व्यंग्य करते हुए कहा, “मैं एक इंसान हूं, मेरे तो पर (पंख) ही नहीं हैं, तो उन्हें काटेगा कौन और कैसे?” गौरतलब है कि यह बयानबाजी तब हुई जब कुछ दिन पहले ही श्री फडणवीस और श्री ठाकरे ने नागपुर यात्रा के दौरान एक ही फ्लाइट में सफर किया था, जिससे राजनीतिक अटकलें तेज हो गई थीं।
श्री ठाकरे ने संवाददाताओं से बात करते हुए दावा किया कि श्री फडणवीस का आत्मविश्वास कम लग रहा था और वे ऐसे नेता की तरह दिख रहे थे जिन्हें एहसास हो गया हो कि ‘उनके अपने ही लोग उनके पर कतर रहे हैं।’ श्री ठाकरे ने श्री शिवराज सिंह चौहान और श्री नितिन गडकरी जैसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि जब प्रभावशाली नेता बहुत अधिक प्रमुख हो जाते हैं तो भाजपा उन्हें किनारे कर देती है। उन्होंने संकेत दिया कि श्री फडणवीस भी ऐसी ही स्थिति का सामना कर रहे हो सकते हैं।
श्री फडणवीस ने इन आरोपों का जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि दोनों विमान में अलग-अलग कोनों में बैठे थे और यात्रा के दौरान उनके बीच कोई बातचीत नहीं हुई। उन्होंने कहा, “फ्लाइट के दौरान मैं अपने मोबाइल फोन पर डाउनलोड की गई फिल्में और वेब सीरीज देख रहा था। अगर हम साथ बैठे होते, तो शायद हमारी बातचीत होती। चूंकि हम साथ नहीं थे, इसलिए मुझे नहीं पता कि श्री ठाकरे ने मेरे बारे में यह निष्कर्ष कैसे निकाला।” श्री फडणवीस ने यह भी कहा कि वे हर स्थिति को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखते और महाराष्ट्र के लोगों के कल्याण पर ध्यान केंद्रित रखते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें राज्य के 14 करोड़ नागरिकों का आशीर्वाद प्राप्त है और भाजपा नेतृत्व का समर्थन भी उन्हें मिलता रहा है।
श्री ठाकरे पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए श्री फडणवीस ने कहा कि अगर 2019 में ऐसी ‘शुभकामनाएं’ दी गई होतीं, तो महाराष्ट्र की राजनीतिक स्थिति बहुत अलग होती।
