
भोपाल। मेट्रीमोनियल साइट पर शुरू हुई बातचीत के बाद अनबन होने पर एक चार्टर्ड अकाउंटेंट युवती ने युवक के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज कराया है. चूनाभट्टी थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर कोलकाता में रहने वाले आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक 29 वर्षीय युवती ने करीब एक साल पहले अपनी शादी के लिए मेट्रीमोनियल साइट पर प्रोफाइल अपलोड की. उस दौरान कोलकाता में रहने वाले युवक से युवती का परिचय हुआ. युवक ने खुद को करोबारी बताते हुए शादी के प्रस्ताव पर बातचीत शुरू की. कुछ महीने बाद युवती को युवक के व्यवहार में बदलाव दिखने लगा. इसके चलते युवती ने युवक से दूरियां बढ़ानी शुरू कर दी. पीड़िता का आरोप है कि दोनों के बीच हुई बातचीत के दौरान युवती की तरफ से साझा की गई कुछ तस्वीरों को आरोपी ने सोशल मीड़िया पर सार्वजनिक कर दिया. युवती ने मामले की शिकायत पूर्व में भी थाने में की थी. आरोपी इसके बाद भी युवती को परेशान करता रहा. इससे दुखी होकर पीड़िता ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. चूनाभट्टी पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया है. पुलिस अब आरोपी की तलाश करने में जुटी है.