पूजा पार्क में गंदगी और जलभराव से श्रद्धालु परेशान, हैंडपंप के पास फिसलन से हादसों का खतरा

सीधी: शहर के पूजा पार्क में स्थित हैंडपंप के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से गंदगी और कीचड़ का गंभीर संकट बना हुआ है। इस अव्यवस्था के चलते यहां आने वाले श्रद्धालुओं को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं फिसलन के कारण हादसों की आशंका भी बढ़ गई है।पूजा पार्क में कई प्रसिद्ध मंदिर स्थित होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। विशेष पर्व और तिथियों पर यह संख्या और अधिक बढ़ जाती है। पार्क में पानी की सुविधा के लिए लगाए गए सरकारी हैंडपंप पर ही लोग निर्भर हैं, लेकिन इसके आसपास फैली गंदगी और जमा पानी से हालात खराब बने हुए हैं।
हैंडपंप के पास जलभराव के कारण काई जम गई है, जिससे जमीन बेहद फिसलन भरी हो गई है। ऐसी स्थिति में श्रद्धालु मजबूरीवश गंदगी के बीच पानी भरने को विवश हैं। थोड़ी सी असावधानी भी उन्हें चोटिल कर सकती है। इसके अलावा कुछ लोगों द्वारा प्लास्टिक, फूल-माला और अन्य कचरा इधर-उधर फेंकने से समस्या और बढ़ रही है।स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, पूजा पार्क की सफाई की जिम्मेदारी नगर पालिका की है, लेकिन नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही है।

कभी-कभार औपचारिक रूप से सफाई कर दी जाती है, जबकि हैंडपंप के पास जमा गंदे पानी की निकासी पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नतीजतन, वहां स्थायी रूप से कीचड़ और गंदगी बनी रहती है।हैंडपंप के समीप लगे पेवर ब्लॉक भी जलभराव के कारण प्रभावित हो रहे हैं। गर्मी के बावजूद इन पर पानी जमा रहने से हालात और खराब हो रहे हैं। क्षेत्र में उगी घास और कीचड़ स्थिति को और जटिल बना रहे हैं।
हादसों का खतरा बना स्थायी समस्या
हैंडपंप के आसपास जमी काई के कारण फिसलन की स्थिति लंबे समय से बनी हुई है। यहां आने वाले श्रद्धालु अक्सर फिसलकर घायल हो जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद सफाई और सुधार की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
धार्मिक स्थल की स्वच्छता पर उठ रहे सवाल
मंदिर परिसर जैसे पवित्र स्थानों पर गंदगी का होना श्रद्धालुओं की आस्था को आहत करता है। कचरा, प्लास्टिक और सड़ी-गली सामग्री न केवल असुविधा बढ़ाती है, बल्कि व्यवस्थाओं की कमी को भी उजागर करती है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से नियमित सफाई और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
इनका कहना है
हैण्डपम्प के पानी निकासी की स्थाई व्यवस्था नही होने एवं स्थानीय दुकानदारों एवं श्रृद्धालुओं द्वारा प्लास्टिक इत्यादि वहां फेंकने से गंदे पानी से कीचड़ हो जाता है। समय-समय पर सफाईकर्मियों द्वारा सफाई भी कराई जाती है। इस समस्या का स्थाई समाधान पानी निकासी की समुचित व्यवस्था से ही संभव है।
गौरव सिंह, सफाई प्रभारी नपा सीधी
पूजा पार्क परिसर में हैण्डपम्प के पानी निकासी की समुचित व्यवस्था एवं सफाई हेतु नपा के तकनीकी एवं सफाई व्यवस्था देखने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों से जानकारी ले कर समस्या का जल्द ही समाधान किया जायेगा।
प्रिया पाठक, डिप्टी कलेक्टर/प्रभारी सीएमओ नपा सीधी

Next Post

शुरुआती कारोबार में 1,900 अंक उछला सेंसेक्स

Wed Apr 1 , 2026
Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like