सौसर क्षेत्र में तेंदुए का मूवमेंट, तीनखेड़ा में दो बछड़ों का शिकार, ग्रामीणों में दहशत

​सौसर। औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम तीनखेड़ा और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए का मूवमेंट लगातार बना हुआ है। तेंदुए की सक्रियता ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, जिससे किसान और ग्रामीण अब अपने खेतों में जाने से भी कतराने लगे हैं।

दो दिनों में दो शिकार

​ जानकारी के अनुसार, ग्राम तीनखेड़ा में पिछले दो दिनों के भीतर तेंदुए ने दो अलग-अलग घटनाओं में दो बछड़ों का शिकार किया है। तेंदुए के इस हिंसक रुख से पशुपालकों में दहशत स्पष्ट देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ रिहायशी क्षेत्र के काफी करीब पहुंच रहा है, जिससे भविष्य में किसी जनहानि की संभावना से इंकार नहीं किया जा है।

वन विभाग ने की पुष्टि-

​क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि स्वयं वन विभाग के अमले ने की है। पदचिन्हों और शिकार के तरीके के आधार पर वन विभाग ने माना है कि क्षेत्र में तेंदुआ सक्रिय है और लगातार अपनी जगह बदल रहा है।

सावधान रहें ग्रामीण – विभाग की अपील

​मामले की गंभीरता को देखते हुए उपवन मंडल अधिकारी प्रमोद कुमार चोपड़े ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वह अकेले सुनसान इलाकों या खेतों की ओर न जाएं। ​रात के समय घरों से बाहर निकलते वक्त समूह में रहें और टॉर्च या लाठी का प्रयोग करें। पालतू पशुओं को सुरक्षित कोठे में बांधें। ​तेंदुए की किसी भी प्रकार की हलचल या आहट दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग के अमले को सूचित करें।

बहरहाल,वन विभाग की टीम तेंदुए के मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। गौरतलब हो कि क्षेत्र में पहली बार हिंसक वन्यप्राणियों की सक्रियता लगातार बनी हुई है। जबकि इसके पूर्व देखा गया कि वन्यप्राणि फरवरी माह के अंत तक क्षेत्र से दूर जंगल की ओर चले जाते थे।

Next Post

बेमौसम बारिश से मंडी में भीगा गेहूं, किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें

Fri Mar 20 , 2026
सीहोर। जिले में बीती रात अचानक बदले मौसम ने किसानों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी. करीब 45 मिनट तक रुक-रुक कर हुई तेज बेमौसम बारिश ने जहां कृषि उपज मंडी समिति में खुले में रखे गेहूं को भिगो दिया. वहीं खेतों में सूखने को पड़ी उपज और खड़ी फसल […]

You May Like